Hazaribagh: हजारीबाग उपायुक्त के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी (Whatsapp I'd) बनाए जाने का मामला सामने आया है. इस फर्जी आईडी के माध्यम से जिले के पदाधिकारियों और अन्य लोगों से संपर्क किए जाने की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. जिला प्रशासन के अनुसार, +66 646958113 नंबर से लोगों को संदेश और कॉल किए जा रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त मोबाइल नंबर का उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है. प्रथम दृष्टया में इसे साइबर ठगी का प्रयास माना जा रहा है.
पुलिस को दी गई सूचना
मामले की जानकारी हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है. प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. संबंधित नंबर के माध्यम से किन लोगों से संपर्क किया गया और किस उद्देश्य से संदेश भेजे गए, इसकी भी जांच की जा रही है.
धनराशि या निजी जानकारी मांगने पर रहें सावधान
उपायुक्त ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की है, कि उक्त नंबर अथवा किसी अन्य संदिग्ध नंबर से आने वाले संदेश, कॉल या धनराशि की मांग पर विश्वास न करें. उन्होंने लोगों से कहा है कि किसी भी परिस्थिति में अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या अन्य वित्तीय जानकारी साझा नहीं करें. यदि किसी संदिग्ध नंबर से संदेश अथवा कॉल प्राप्त होता है, तो उसकी सत्यता की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि करें.
संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है, कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या साइबर पुलिस को दें. प्रशासन ने कहा है कि किसी अधिकारी के नाम, पद और तस्वीर का इस्तेमाल कर बनाए गए अनधिकृत सोशल मीडिया या व्हाट्सएप अकाउंट से सावधान रहना जरूरी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है, कि फर्जी व्हाट्सएप आईडी से भेजे जाने वाले किसी भी संदेश को उपायुक्त या जिला प्रशासन का अधिकृत संदेश न माना जाए.
