Saraikela: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के बूटगोड़ा से तमारी तक की जर्जर सड़क को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर सियासत तेज हो गई है. लंबे समय से बदहाल इस सड़क के कारण ग्रामीणों, खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

निजी खर्च से शुरू हुई मरम्मत
सड़क की बदहाली को देखते हुए JLKM के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी तरुण महतो ने खुद मोर्चा संभाला है. उन्होंने अपने निजी खर्च से सड़क पर डस्ट और स्लैग डलवाकर इसे फिलहाल चलने लायक बनवाना शुरू किया है. इसे लेकर तरुण महतो ने कहा कि “जनता की परेशानी को देखते हुए जितना संभव हो रहा है, मैं अपने स्तर से मदद कर रहा हूं.”
90 फीसदी सड़कें खराब होने का दावा
तरुण महतो ने आरोप लगाया कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की करीब 90 प्रतिशत सड़कें खराब स्थिति में हैं. सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को कई बार खटिया के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के मुद्दे पर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को घेरते हुए कहा कि सांसद और विधायक क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उदासीन बने हुए हैं.
बाहरी विधायक को ठहराया जिम्मेदार
तरुण महतो ने क्षेत्र के बाहर के लोगों के विधायक बनने को भी ईचागढ़ के पिछड़ेपन की वजह बताया. उन्होंने कहा कि “ईचागढ़ की तस्वीर बदलने के लिए जनता को भी जागरूक होकर अपनी भूमिका तय करनी होगी.”
यह भी पढ़ें: जिला प्रशासन के खिलाफ राज्यसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस देंगे आदित्य साहू
