Click Here

कोडरमा में राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने का निर्देश

Koderma: उपायुक्त के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई....

kodrema

Koderma: उपायुक्त के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

दुर्घटना संभावित स्थलों पर लगेंगे सुरक्षा उपकरण

बैठक में दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थलों की पहचान कर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय विकसित करने पर जोर दिया गया. अपर समाहर्ता ने एनएचएआई को चिन्हित स्थानों पर साइनेज बोर्ड, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, कैट-आई और सोलर ब्लिंकर सहित अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने का निर्देश दिया. इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए Advanced Traffic Management System (ATMS) स्थापित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

भारी वाहनों की पार्किंग पर सख्ती

राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए निर्धारित स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया. अधिकारियों को सड़क पर यातायात बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया गया.

जलजमाव की समस्या के समाधान का निर्देश

सर्विस रोड के आसपास जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपलब्ध भूमि में डिजाइन के अनुरूप लोड-बेयरिंग ड्रेन का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया. इससे बारिश के दौरान सड़क किनारे जलजमाव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी.

चंदवारा बाजार में सर्विस रोड निर्माण पर जोर

चंदवारा बाजार क्षेत्र में सर्विस रोड निर्माण में आ रही बाधाओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. इसके अलावा सुभाष चौक से महाराणा प्रताप चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की संभावनाओं पर भी कार्य करने का निर्देश दिया गया.

अतिक्रमण हटाने का निर्देश

अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को कोडरमा बाजार और झुमरी तिलैया शहरी क्षेत्र में यातायात को प्रभावित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी पर भी जोर दिया.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अस्मिता सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, प्रशासक नगर परिषद झुमरी तिलैया/नगर पंचायत कोडरमा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.

ALSO READ: गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *