Click Here

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे से मिले पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू, JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन और झारखंड की राजनीति पर हुई चर्चा

New Delhi/Lohardaga: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष...

मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करते पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू
मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करते पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू

New Delhi/Lohardaga: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती, राज्य में चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन तथा कांग्रेस की आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई.

मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन और उनकी विभिन्न मांगों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को विस्तारपूर्वक अवगत कराया. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा लंबे समय से नियुक्ति प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली और अन्य समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे में उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है.

धीरज प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया कि झारखंड के युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है. उन्होंने आग्रह किया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूती के साथ उठाए, ताकि अभ्यर्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके.

झारखंड आने का निमंत्रण, संगठन मजबूत करने पर भी मंथन

बैठक के दौरान संगठन को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई. प्रदेश में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और भविष्य की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

इस अवसर पर पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को झारखंड में आयोजित होने वाली एक आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम जनता राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं और उनका आगमन संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा.

मुलाकात के बाद पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं, छात्रों और अभ्यर्थियों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है. उन्होंने कहा, “अभ्यर्थियों के अधिकारों और न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है. हमने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को झारखंड की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है. साथ ही उन्हें आमसभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है. उनके झारखंड आगमन से कार्यकर्ताओं और युवाओं का मनोबल और मजबूत होगा.”

धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि झारखंड के विकास, संगठन की मजबूती और युवाओं के भविष्य को लेकर कांग्रेस गंभीर है. पार्टी लगातार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता की आवाज बुलंद कर रही है और आगे भी करती रहेगी.

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुलाकात को आत्मीय और सार्थक बताया. उन्होंने कहा, “धीरज जी से आत्मीयता के साथ मुलाकात हुई. उन्होंने झारखंड की राजनीतिक स्थिति, संगठन और JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों की विस्तृत जानकारी दी. कांग्रेस पार्टी झारखंड के अभ्यर्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्यायपूर्ण अधिकारों की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेगी.”

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि धीरज प्रसाद साहू ने उन्हें झारखंड आने का आमंत्रण दिया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है. उन्होंने कहा, “मैं जल्द ही झारखंड आऊंगा और वहां के कार्यकर्ताओं एवं जनता के बीच उपस्थित होकर संगठन को और मजबूत करने का कार्य करूंगा.”

राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को अहम माना जा रहा

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात झारखंड कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. एक ओर जहां पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में रणनीति तैयार कर रही है, वहीं दूसरी ओर JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर भी कांग्रेस सक्रियता दिखा रही है. ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रस्तावित झारखंड दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है.

इस मुलाकात ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि कांग्रेस नेतृत्व झारखंड के राजनीतिक घटनाक्रम, संगठनात्मक गतिविधियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है. आगामी दिनों में राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे और आमसभा को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.

ALSO READ: यात्रियों की सुरक्षा में बेहतर काम के लिए RPF रांची को मिला सिक्योरिटी शील्ड अवार्ड

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *