Simdega: सरहुल के पावन अवसर पर सिमडेगा पुलिस केंद्र में गुरुवार को पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ सरहुल पर्व मनाया गया. इस दौरान पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी की व्यस्तता से समय निकालकर प्रकृति पूजा के इस खास पर्व में शामिल हुए और मांदर-नगाड़े की थाप पर झूमते नजर आए. पुलिस केंद्र परिसर सरना झंडों से सजा हुआ था, जिससे पूरा माहौल पारंपरिक रंग में रंगा दिखा. सरना स्थल पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई. प्रकृति और सरना धर्म के अनुसार श्रद्धापूर्वक अनुष्ठान हुआ. इसके बाद मांदर और नगाड़े की थाप पर पुलिसकर्मियों ने सामूहिक नृत्य कर पर्व की खुशियां मनाईं.

सरई फूल भेंट कर सरहुल की शुभकामना दी गयी
कार्यक्रम में सिमडेगा डीएसपी बैजू उरांव सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए. सभी ने एक-दूसरे को सरई फूल भेंट कर सरहुल की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया. बताया गया कि सरहुल के दिन पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी पर तैनात रहना होता है, इसलिए दो दिन पूर्व ही पुलिस केंद्र स्थित सरना स्थल पर इस पर्व का आयोजन किया गया. कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि परंपरा और कर्तव्य दोनों का संतुलन बनाए रखते हुए भी अपनी संस्कृति से जुड़ा जा सकता है.

