रांची: ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित छठी एक्रोपोलिस अंतरराष्ट्रीय वुशु ओपन प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया. भारतीय टीम ने कुल 23 पदक जीतकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया, जिसमें 7 स्वर्ण, 11 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं.
22 देशों के बीच भारत की चमक
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 22 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन भारतीय दल ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. 35 सदस्यीय भारतीय टीम में खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल थे, जिन्होंने मिलकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की.
झारखंड के शौर्य सिंह ने बढ़ाया मान
झारखंड के लिए भी यह प्रतियोगिता खास रही. राज्य के युवा खिलाड़ी शौर्य सिंह ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया. खास बात यह रही कि शौर्य सिंह इस प्रतियोगिता में झारखंड के इकलौते प्रतिनिधि थे.
Also Read: लातेहार: भूसे के ट्रक से 10 टन गांजा बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ से अधिक
रांची में भव्य स्वागत
रांची लौटने पर शौर्य सिंह का एयरपोर्ट पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और वुशु संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताया.
स्वर्ण विजेताओं की सूची
प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वालों में सबिनी मुंडा, ज्योति, अनुष्का, यश कादयान, कैलाश, निखिल कुमार, यश नामदेव और अनायरा कालरा शामिल रहे.
रजत पदक विजेता खिलाड़ी
वहीं रजत पदक जीतने वालों में अंजलि, किरण, मंजू मुंडा, ऋतिक कौशिक, शिजेन मन्नो, गौरव, कुणाल शर्मा, रोहित, सुरेन्द्र सिंह, दुर्गेश्वर सिंह, अंकुश और शिवम भाटी शामिल हैं.
कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी
कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में ऋतु, कुणाल, राघवेंद्र सिंह, शौर्य सिंह और अनैराह कालरा शामिल हैं, जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया.
