Chaibasa: मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है. बारिश के कारण कई कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त और ध्वस्त होने की सूचना सामने आ रही है. रायकेरा पंचायत के रायकेरा गांव में बारिश के कारण मकानों की दीवार और छत गिरने से तीन परिवार प्रभावित हुए हैं.
मकान गिरने से परिवारों के सामने रहने का संकट
मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवारों ने किसी तरह अपना सामान सुरक्षित बचा लिया, लेकिन अब उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. तीनों परिवार बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं. लगातार बारिश के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है.
कच्चे मकानों पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में कच्चे मकान हैं. लगातार बारिश के कारण इन मकानों की दीवारें और छतें कमजोर हो रही हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में और भी मकानों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है.
प्रशासन से तत्काल राहत की मांग
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी आवास, भोजन और उचित मुआवजे की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बारिश के बीच उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को प्रभावित परिवारों की स्थिति का तत्काल जायजा लेकर राहत सामग्री और सुरक्षित रहने की व्यवस्था करनी चाहिए.
ALSO READ: हजारीबाग: सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुए DC, NH किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को हटाने का निर्देश
