Ranchi: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ा दिया है. कल रात से जारी तेज बारिश के बाद नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है. चुटिया-नामकुम के बीच बने पुराने पुल के पास स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. नदी का पानी पुल के बेहद करीब पहुंच गया है और पुल के नीचे करीब एक फीट का ही अंतर बचने की बात सामने आ रही है. तेज बहाव के कारण पुल पर खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. पहले से जर्जर इस पुल के नीचे पानी का फासला लगातार कम होने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है. अगर बारिश इसी तरह जारी रही और नदी का जलस्तर और बढ़ा, तो परेशानी गंभीर हो सकती है.
पहली बार दिखा इतना तेज बहाव
मानसून में पहली बार स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर इस तरह तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है. रातभर हुई बारिश के बाद नदी का पानी लगातार ऊपर चढ़ता गया और सुबह तक नदी उफनती नजर आई. नदी के तेज बहाव और पुल के नीचे घटती दूरी ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है. लोगों का कहना है कि पुल की हालत पहले से ही ठीक नहीं है, ऐसे में बढ़ता जलस्तर चिंता का कारण बन गया है.
ALSO READ: उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामला: आरोपी मुमजात अंसारी की एबीपी पर 25 को होगी सुनवाई
