हजारीबाग: आदि कर्म योगी शिविर में 35 बच्चों को स्कूल किट, 52 बिरहोर परिवारों को मिला राशन

Hazaribagh: बरही प्रखंड अंतर्गत खोड़ाहर पंचायत के केवाल गांव स्थित बिरहोर टोला के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को आदि कर्म योगी...

Hazaribagh: बरही प्रखंड अंतर्गत खोड़ाहर पंचायत के केवाल गांव स्थित बिरहोर टोला के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को आदि कर्म योगी अभियान के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया. प्रमुख मनोज रजक और बीडीओ जयपाल महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया. शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर आदिम जनजाति परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया.

35 बच्चों को मिला स्कूल किट

शिविर के दौरान 35 बच्चों के बीच स्कूल बैग सहित पाठ्य सामग्री किट का वितरण किया गया. स्कूल किट मिलने से बच्चों में उत्साह देखा गया. अधिकारियों ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी जानकारी ली.

52 बिरहोर परिवारों को राशन का वितरण

डाकिया योजना के तहत 52 बिरहोर परिवारों को 35 किलो प्रति परिवार की दर से राशन उपलब्ध कराया गया. इसके अलावा छह लोगों के बीच बैंक पासबुक का वितरण किया गया. सर्वजन पेंशन योजना के तहत एक लाभुक का आवेदन संबंधी कार्य मौके पर ही पूरा किया गया.

25 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 25 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई. जांच के बाद लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया. विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत हुई.

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

बीडीओ जयपाल महतो ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. आदिम जनजाति परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. उन्होंने कहा कि बिरहोर परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए स्थानीय मुखिया के माध्यम से ग्रामसभा कराकर जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया है. प्रमाण पत्र बनने से परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी.

योजनाओं का लाभ मिलने से बिरहोर परिवारों में खुशी

शिविर में विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से बिरहोर परिवारों में खुशी देखी गई. ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना की और इस तरह के शिविर लगातार आयोजित करने की मांग की. मौके पर अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रकाश ज्ञानी, पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर बिना, खाद्य आपूर्ति विभाग के ऑपरेटर बंटी कुमार, आधार कार्ड ऑपरेटर प्रशांत कुमार व सहोदर कुमार, पंचायत सहायक दीपा कुमारी, राहुल कुमार, आनंद कुमार सिंह, जल सहिया सुषमा करकेटा व पूनम देवी तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार भुइयां समेत अन्य मौजूद थे.

ALSO READ: हजारीबाग: मूसलाधार बारिश में खपरैल मकान गिरा, बाल-बाल बचे परिजन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *