Bermo: दामोदर बचाओ आंदोलन के बोकारो जिला सह संयोजक श्रवण सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल ने डीवीसी बोकारो थर्मल के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने डीवीसी के ऐश पौंड से कथित अवैध ओवरलोड छाई परिवहन और इससे उत्पन्न दुर्घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.
ओवरलोड वाहनों से हादसे का खतरा
आंदोलन की ओर से सौंपे गए मांग पत्र में आरोप लगाया गया कि डीवीसी बोकारो थर्मल के ऐश पौंड से छाई परिवहन करने वाले कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे हैं. इसके अलावा कई भारी वाहनों में खलासी या सहायक भी मौजूद नहीं रहते और चालक अकेले वाहन चलाते हैं. इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.
कंजकीरो और माउंट कार्मेल स्कूल के पास हादसों का हवाला
प्रतिनिधिमंडल ने हजारीबाग जाने वाले मार्ग पर कंजकीरो और माउंट कार्मेल स्कूल के समीप हाल में हुई दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर चिंता जताई. आंदोलन के सदस्यों का कहना है कि ऐसे वाहनों से सड़कों को नुकसान पहुंचने के साथ ही छाई उड़ने के कारण वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है.
वाहनों के दस्तावेजों की जांच की मांग
दामोदर बचाओ आंदोलन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी वाहन मालिकों, परिवहन एजेंसियों तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक वाहन की कांटा पर्ची, ऑनर बुक और अन्य वैध दस्तावेजों की जांच अनिवार्य करने की मांग की, ताकि वाहनों में वास्तविक भार का सत्यापन हो सके.
परमिट और फिटनेस की भी हो जांच
मांग पत्र में चालक और सह-चालक की मौजूदगी के साथ परमिट, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की गई. आंदोलन ने अवैध ओवरलोड छाई परिवहन पर तत्काल रोक लगाने का आग्रह किया.
प्रतिनिधिमंडल में श्रवण सिंह के अलावा सीमा देवी और विश्वनाथ यादव शामिल थे.
ALSO READ: चक्रधरपुर के मतदान केंद्रों पर पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त, मतदाता सूची पुनरीक्षण का लिया जायजा
