Ranchi : पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. जहां आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित रूप से जुड़े 24 वर्षीय संदिग्ध आतंकी हमीद मंडल उर्फ मोहम्मद हमीद को पूर्व बर्धमान जिले से गिरफ्तार किया गया. वहीं, मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए एसटीएफ ने पड़ोसी राज्य झारखंड के साहिबगंज जिला से उसकी कथित प्रेमिका की सहेली अर्पिता सरकार को भी हिरासत में लिया है.
रेनेसां हाउसिंग से गिरफ्तारी और दस्तावेज बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम ने पूर्व बर्धमान स्थित रेनेसां हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार सुबह योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर हमीद मंडल को धर दबोचा. तलाशी अभियान के दौरान उसके ठिकाने से कई महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य सामग्रियां बरामद की गई. जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी के पास से पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता और मुख्यमंत्री की गतिविधियों, वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कागजात मिले है. इन खुलासों से आशंका जताई जा रही है कि किसी बड़े वीआईपी VIP पर संभावित हमले या निशाने की रेकी (सुरक्षा व्यवस्था की टोह) की जा रही थी.
आतंकी कनेक्शन और पाक खुफिया एजेंसी ISI के तार
– खुफिया और जांच सूत्रों के मुताबिक हमीद मंडल लंबे समय से केंद्रीय व राज्य सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था. वह लोगों के सामने खुद को एक टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल के रूप में प्रस्तुत कर पहचान छिपाने का प्रयास कर रहा था. प्रारंभिक जांच में संकेत मिले है कि आरोपी पाकिस्तान में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुका था और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ISI से सीधे संपर्क में था.
– एसटीएफ STF को संदेह है कि हमीद मंडल का संबंध 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड सज्जाद भट से जुड़े समूह और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से हो सकते है.
मकान बदलकर पहचान छुपाने की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले हावड़ा के पीलखाना इलाके में स्थित एक कपड़ा कारखाने में काम करता था. पहचान गुप्त रखने और एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए वह थोड़े-थोड़े समय में अपने ठिकाने बदलता रहता था. लगभग दो महीने पहले ही वह बर्धमान के रेनेसां हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में किराए का फ्लैट लेकर रहने लगा था.

झारखंड से अर्पिता सरकार हिरासत में, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
हमीद मंडल से शुरुआती पूछताछ के बाद एसटीएफ STF की टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा (ग्वालखोर के वेवतपुर क्षेत्र) में छापेमारी की. वहां से हमीद मंडल की कथित प्रेमिका की सहेली अर्पिता सरकार को हिरासत में लिया गया. कार्रवाई पूरी तरह पश्चिम बंगाल एसटीएफ STF की ओर से की गयी. जिसके बाद टीम अर्पिता को अपने साथ बंगाल ले गयी. दोनों आरोपियों को बर्धमान अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल की जा रही है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी है कि राज्य या देश के किन-किन हिस्सों में इस स्लीपर सेल या आतंकी मॉड्यूल के अन्य नेटवर्क फैले हुए हैं.
