रांची: राजधानी के डोरण्डा थाना क्षेत्र में बंद घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेवर दुकानदार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग किशोर को भी हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, कई महंगे मोबाइल फोन और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं. यह जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में दी. सिटी एसपी के अनुसार, 8 मई 2026 को डोरण्डा थाना क्षेत्र के वाजपेयी पथ स्थित एक बंद घर में अज्ञात अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. घटना के बाद डोरण्डा थाना कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जांच में पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 21.6 ग्राम सोने के जेवरात, जिसकी कीमत लगभग 3.20 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 219.48 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का सोना और इतने ही मूल्य की चांदी गलाकर पहले ही बेच चुके थे. कुल चोरी गए सामान की कीमत करीब 6.83 लाख रुपये आंकी गई है.
बरामद सामानों में आईफोन-15, मोटोरोला, सैमसंग और रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन भी शामिल हैं. पुलिस को गिरफ्तार आरोपी मो. नकीब और मो. सैफ के मोबाइल से चोरी के जेवर की खरीद-बिक्री से संबंधित चैट भी मिली है, जिसे पुलिस इस मामले में अहम साक्ष्य मान रही है.

इन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार:
गिरफ्तार आरोपियों में मो. नकीब उर्फ सोनार, मो. सारूफ उर्फ शाहरूफ, मो. सिम्बाज, मो. जैद, मो. सैफ उर्फ सैम और मो. कैफ उर्फ चुसू शामिल हैं. अधिकांश आरोपी हिन्दपीढ़ी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.

