Bokaro: बोलबम कांवड़िया श्रद्धालुओं की सेवा और सहयोग के उद्देश्य से श्रीशिव स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य रविवार को बोकारो थर्मल स्थित त्रयोदश मंदिर प्रांगण से बाबा धाम के लिए रवाना हुए. इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई.

चौथी सोमवारी पर लगेगा निःशुल्क सेवा शिविर
ट्रस्ट के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सह राजद नेता योधन नायक ने बताया कि चौथी सोमवारी के पावन अवसर पर कांवड़िया पथ में ट्रस्ट की ओर से एकदिवसीय निःशुल्क सेवा शिविर लगाया जाएगा. शिविर में श्रद्धालुओं के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें चिकित्सीय और अन्य जरूरी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा.
श्रद्धालुओं की सेवा ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य
ट्रस्ट के संस्थापक सह सचिव भुनेश्वर साहू ने कहा कि कांवड़िया श्रद्धालुओं की निःस्वार्थ सेवा करना ट्रस्ट के मुख्य उद्देश्यों में शामिल है. धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रस्ट पूरी निष्ठा से काम कर रहा है. उन्होंने आम लोगों से भी श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग और सहभागिता की अपील की.
इस मौके पर ट्रस्ट परिवार के सदस्य विनोद कुमार साव, उमेश कुमार महतो, कमल प्रसाद महतो, लालचंद महतो, भुनेश्वर कुमार महतो सहित कई अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

