Giridih : गिरिडीह जिले के बड़की सरिया में मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. सिद्धिविनायक हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर शिव प्रसाद पर 15 वर्षीय किशोर तन्मय कुमार की क्रिकेट बैट से बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है. गंभीर रूप से घायल तन्मय फिलहाल धनबाद के पीएमसीएच में भर्ती है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. पीड़ित के दादा शिव शंकर प्रसाद द्वारा सरिया थाना में दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे तन्मय अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. इसी दौरान गेंद अस्पताल परिसर की ओर चली गई. आरोप है कि गेंद लेने पहुंचे तन्मय को देखकर डॉक्टर शिव प्रसाद नाराज हो गए और उसके हाथ से क्रिकेट बैट छीन लिया.
डॉक्टर पर 15 वर्षीय बच्चे को बैट से पीटने का आरोप, गंभीर हालत में धनबाद रेफर
शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर ने क्रिकेट बैट और लात-घूंसों से किशोर की जमकर पिटाई की. परिजनों का आरोप है कि तन्मय के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर लगातार वार किए गए और मारपीट तब तक जारी रही जब तक बैट टूट नहीं गया. गंभीर चोट लगने के बाद तन्मय खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद परिजन उसे तत्काल बगोदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया. वहां उसके सिर की गंभीर चोटों और संभावित फ्रैक्चर की जांच के लिए सीटी स्कैन एवं एक्स-रे कराया जा रहा है. घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने आरोपी डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : रांची पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम चला रही है अतिक्रमण हटाओ अभियान


