प्रेमिका के इनकार के बाद जियो टावर पर चढ़ा दो बच्चों का पिता, पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उतारा

Dumka : जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक शादीशुदा और दो बच्चों का पिता अपनी...

मसलिया थाना

Dumka : जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक शादीशुदा और दो बच्चों का पिता अपनी प्रेमिका द्वारा रिश्ता तोड़े जाने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. सोमवार देर शाम को हुए इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा.

क्या है पूरा मामला

यह पूरी घटना दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के सागबाड़ी गांव की है. जानकारी के अनुसार, राजपाड़ा गांव का रहने वाला राखीसल मुर्मू शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी है. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इसी बीच उसका पड़ोस के ही एक गांव की युवती के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन हाल ही में युवती को यह पता चला कि राखीसल पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है. सच्चाई सामने आते ही युवती ने खुद को इस रिश्ते से अलग कर लिया और भविष्य में किसी भी तरह का संबंध रखने से साफ इनकार कर दिया.

तुमने इनकार किया तो दे दूंगा जान

प्रेमिका द्वारा दूरी बना लिए जाने से राखीसल मुर्मू इस कदर नाराज और परेशान हो गया कि उसने युवती को जान देने की धमकी दे डाली. सोमवार की शाम वह गुस्से और हताशा में सीधे सागबाड़ी स्थित जियो के मोबाइल टावर पर पहुंच गया और देखते ही देखते टावर के काफी ऊपर चढ़ गया. जब स्थानीय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को टावर पर चढ़ते देखा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर राखीसल मुर्मू के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. लोगों ने उसे नीचे आने के लिए काफी आवाज दी और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था और ऊपर से ही नीचे कूदने की धमकी दे रहा था.

पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मसलिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. टावर के नीचे खड़े पुलिस अधिकारियों ने बेहद धैर्य और सूझबूझ से काम लिया. पुलिस ने युवक से बातचीत का सिलसिला शुरू किया. उसे हर संभव मदद और समझाने का भरोसा दिया. काफी देर तक चली काउंसलिंग और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार राखीसल मुर्मू का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी हो गया. उसके सुरक्षित नीचे उतरते ही प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली. इसके बाद पुलिस युवक को एहतियात के तौर पर और पूछताछ के लिए अपने साथ मसलिया थाने ले गई है.

 

ALSO READ : लोकायुक्त ने ढाई महीने में निष्पादित किए 330 मामले

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *