Ranchi: कोयला नगरी धनबाद में हवाई अड्डे की दशकों पुरानी मांग अब एक बड़े राजनीतिक संग्राम में बदल चुकी है. एक ओर जहां सांसद ढुल्लू महतो ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, वहीं सत्ता पक्ष में शामिल निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए गेंद केंद्र के पाले में डाल दी है.
चक्का जाम का अल्टीमेटम
शुक्रवार को सांसद ढुल्लू महतो के नेतृत्व में गोल्फ ग्राउंड से रणधीर वर्मा चौक तक विशाल रैली निकाली गई. सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सांसद ने राज्य सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि राज्य सरकार ने जल्द ही एयरपोर्ट के लिए जमीन की मंजूरी नहीं दी, तो पूरे शहर में चक्का जाम किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो रेल रोको आंदोलन भी होगा. धरने में पूर्व सांसद पीएन सिंह भी शामिल हुए. उन्होंने बताया कि बलियापुर क्षेत्र में लगभग 640 एकड़ जमीन चिन्हित है, जबकि कुल 750 एकड़ की जरूरत है.
विधायक का पलटवार: आरोप भ्रामक और राजनीति से प्रेरित
सांसद के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने प्रेस वार्ता कर इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया. विधायक के अनुसार, हाल के वर्षों में केंद्र की ओर से एयरपोर्ट निर्माण के लिए राज्य को कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है. 2017 के प्रस्ताव के बाद 2018 में आई विशेषज्ञ टीम ने विजिबिलिटी रिपोर्ट को खारिज कर दिया था, जिसके बाद केंद्र की ओर से कोई नई पहल नहीं हुई. बोकारो एयरपोर्ट का काम केवल प्रदूषण क्लीयरेंस (केंद्र का मामला) के कारण रुका है, इसमें राज्य बाधक नहीं है.
