Hazaribagh: रविवार को विष्णुगढ़ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप कम लीगल अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की ओर से पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों, वित्तीय सहायता एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया. एक ही मंच पर विधिक जागरूकता और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से लाभुकों में उत्साह का माहौल रहा. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्यूडिशियल ऑफिसर अनुष्का जैन, जेएम प्रथम श्रेणी सह एडिशनल सिविल जज (जूनियर डिवीजन)-3 तथा सुमंत दीक्षित, जेएम प्रथम श्रेणी सह एडिशनल सिविल जज (जूनियर डिवीजन) उपस्थित रहे. कोर्ट स्टाफ के पंकज सिन्हा एवं रामदेव यादव भी मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई. इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी मधुश्री मिश्रा, अंचल अधिकारी नित्यानंद दास सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया. दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया. बीडीओ मधुश्री मिश्रा ने स्वागत संबोधन में शिविर के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला.

40 महिला समूहों को 2.50 करोड़ की सहायता
शिविर में जेएसएलपीएस की ओर से 40 महिला समूहों के बीच कुल 2 करोड़ 50 हजार 500 रुपये की सहायता राशि का वितरण किया गया. इससे महिला समूहों को अपनी आजीविका गतिविधियों को मजबूत करने तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में दो युवकों की हत्या का खुलासा, जमीन में गाड़े मिले शव, दो गिरफ्तार
किसानों को केसीसी और सॉयल हेल्थ कार्ड का लाभ
कृषि विभाग की ओर से आठ किसानों के बीच कुल 5 लाख 20 हजार रुपये केसीसी ऋण का वितरण किया गया. वहीं चार लाभुक किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड प्रदान किए गए. इससे किसानों को अपनी भूमि की उर्वरता एवं मिट्टी की स्थिति के अनुसार बेहतर कृषि प्रबंधन में सहायता मिलेगी.
महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंदों को मिली सहायता
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो लाभुकों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई. शिक्षा विभाग ने छह स्कूली बच्चों के बीच शैक्षणिक किट, जिसमें कॉपी एवं बैग शामिल हैं, का वितरण किया. वहीं जन्म-मृत्यु निबंधन विभाग की ओर से दो लाभुकों को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. आपूर्ति विभाग की ओर से 15 लाभुकों के बीच साड़ी-धोती का वितरण किया गया. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से डीवीसी सीएसआर के सहयोग से निक्षय पोषण योजना के तहत छह लाभुकों को पोषण किट प्रदान की गई.
कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
मौके पर न्यायिक पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय पाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. विधिक सेवा प्राधिकार ऐसे लोगों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है. वहीं बीपीओ राजमोहन वर्मा ने विष्णुगढ़ प्रखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के समक्ष रखी. उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य तथा पात्र लाभुकों को मिलने वाले लाभ की जानकारी दी. कार्यक्रम में विष्णुगढ़ मध्य भाग जिला परिषद सदस्य शेख तैयब, बीडीओ मधुश्री मिश्रा, सीओ नित्यानंद दास, बीपीओ राजमोहन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे. मंच संचालन बीपीओ राजमोहन वर्मा ने किया. अंत में अंचल अधिकारी नित्यानंद दास ने धन्यवाद ज्ञापन किया. प्रखंड मुख्यालय सभागार में आयोजित यह शिविर विधिक जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को एक मंच पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना. कानूनी अधिकारों की जानकारी के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से लाभुकों के चेहरे पर संतोष और खुशी देखने को मिली.

