Gumla: गुमला जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में आगामी 24 एवं 25 मार्च को दो दिवसीय “पुस्तक परब सह सांस्कृतिक कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया जाएगा. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला प्रशासन के समन्वय से शिक्षा विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से इसका आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इसमें व्यापक स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर नगर भवन में विभिन्न प्रकाशकों एवं संस्थाओं द्वारा पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे. वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, जेएसएलपीएस, यूथ एवं जेंडर, आजीविका संबंधी कई विभाग स्टॉल सह प्रदर्शनी का भी आयोजन करेगा. इस दौरान प्राथमिक शिक्षा से जुड़े टीएलएम स्टॉल विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र होगा. कार्यक्रम में विशेष रूप से रांची में खुल रहे अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय का स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जायेगी.

पहले दिन विज्ञान, संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
24 मार्च को कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन नगर भवन में होगा. इसी दिन राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों के स्कूली बच्चों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी और जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन होगा. अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक सरना आदिवासी ग्रुप द्वारा कला समागम, जनजातीय संस्कृति एवं कुड़ुख साहित्य के बदलते स्वरूप पर परिचर्चा आयोजित होगी. पहले दिन का मुख्य आकर्षण महान समाज सुधारिका सावित्री बाई फुले की जीवनी पर आधारित मोनोलॉग नाटक होगा, जिसका मंचन अपराह्न 4 से 5 बजे के बीच किया जाएगा.
दूसरे दिन छऊ नृत्य और साहित्यिक गतिविधियां
कार्यक्रम के दूसरे दिन 25 मार्च को नगर भवन में पुस्तकों एवं कथा-कहानियों पर परिचर्चा, महिला कॉलेज द्वारा नुक्कड़ नाटक, मूवी स्क्रीनिंग तथा विभिन्न विद्यालयों—मत्स्य कॉलेज, कस्तूरबा विद्यालय गुमला एवं एसएस बालिका विद्यालय—के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी. दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण नटराज कला केंद्र द्वारा पारंपरिक छऊ नृत्य होगा, जिसका मंचन अपराह्न 4 से 5 बजे तक किया जाएगा.

अनुमंडल-प्रखंड स्तर पर भी आयोजन
24 मार्च को बसिया के अनुमंडल पुस्तकालय मैदान और 25 मार्च को चैनपुर के बरवे मैदान में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में भी सावित्री बाई फुले के जीवन पर आधारित मोनोलॉग नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. इसके अतिरिक्त 25 मार्च को घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय में भी इस विषय पर नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी.
विद्यार्थियों और आमजनों को खुला आमंत्रण
दो दिवसीय इस महोत्सव में ओपन माइक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुस्तक प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल भ्रमण जैसी विविध गतिविधियां आयोजित होंगी. उपायुक्त के निर्देश के अनुरूप जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां द्वारा बसिया, चैनपुर, गुमला एवं घाघरा के प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के सभी बीआरसी कर्मियों को आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है. जिला प्रशासन ने गुमला के सभी मध्य एवं उच्च विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, पुस्तक प्रेमियों एवं आम नागरिकों से इस ज्ञानवर्धक एवं सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है.

