Ranchi : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को लोक भवन के बिरसा मंडप में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 253 लोगों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और जागरूक समाज का संदेश दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है. योग व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है.
Also Read : लातेहार: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डीसी- एसपी समेत अन्य पुलिसकर्मियों और आम जनता ने मिलकर किया योगाभ्यास
योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
राज्यपाल ने लोगों से योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखने और इसे अपनी दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न अंग बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है, जो विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है. इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को अपनाकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.


