Chakradharpur: भारतीय जनता पार्टी टोकलो मंडल की कार्यसमिति बैठक बुधवार को लौजोडा गांव में मंडल अध्यक्ष कांडे पड़ेया की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, बूथ सशक्तीकरण और मंडल स्तर पर संगठन विस्तार समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई.

संगठन विस्तार और बूथ मजबूती पर मंथन
बैठक में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए. इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता जरूरी है. बैठक में जन-जन तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने और संगठन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.

बूथ मजबूत होगा तो संगठन बनेगा सशक्त : डॉ. विजय सिंह गगराई
ब्लॉक-1 अधिकारी डॉ. विजय सिंह गगराई ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही सशक्त बनेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ जनता के बीच रहें. साथ ही पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें.

संगठन की दिशा तय करने का मंच है कार्यसमिति बैठक : तीरथ जामुदा
जिला महामंत्री तीरथ जामुदा ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक संगठन की दिशा और भविष्य की कार्ययोजना तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और बूथ सशक्तीकरण को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में जिला प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, जिला मंत्री सह मंडल प्रभारी प्रेम प्रधान, जिला उपाध्यक्ष गोरखनाथ बोदरा, ब्लॉक-1 अधिकारी डॉ. विजय सिंह गगराई, जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, मंडल महामंत्री सुरेश प्रधान सहित मंडल समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ALSO READ: झारखंड में मानसून की बेरुखी: राज्यभर में अब तक 24 फीसदी बारिश की कमी, धान की खेती पर मंडराया संकट

