Hazaribagh: बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने के आरोप में लोहसिंघना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवपुरी निवासी श्याम गिरी उर्फ नेपाली के रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चार सीलिंग पंखे, घरेलू बर्तन समेत अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात न्यू एरिया गली नंबर-दो निवासी मनोज गुप्ता के बंद घर में चोरी हुई थी. मकान मालिक की शिकायत पर लोहसिंघना थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिली.

किराये के मकान में छापेमारी कर गिरफ्तारी
लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिवपुरी स्थित आरोपी के किराये के मकान पर छापेमारी की. इस दौरान श्याम गिरी उर्फ नेपाली को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी की. वहां से चार सीलिंग पंखे, घरेलू बर्तन समेत अन्य सामान बरामद किया गया. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है.
अन्य चोरी की घटनाओं की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी बंद घरों की रेकी करता था और मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देता था. अब पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिल सकती है.
ALSO READ: सरायकेला : प्रधानमंत्री के गुजरने के बाद भी नहीं बदली NH-33 की तस्वीर, चिलगु में एथनॉल टैंकर पलटा

