रामगढ़: स्पंज-आयरन फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 इंजीनियरों की जलकर मौत, एक मजदूर गंभीर

Ramgarh: जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत हेहल में स्थित...

sponge iron factory

Ramgarh: जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत हेहल में स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड (स्पंज-आयरन फैक्ट्री) के पावर प्लांट में शुक्रवार की देर रात अचानक जोरदार धमाका (ब्लास्ट) हो गया. ब्लास्ट के तुरंत बाद प्लांट में भीषण आग लग गई. इस हादसे में तीन युवा इंजीनियरों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया है.

इन तीन लोगों की हुई जलकर मौत

  • संजीव कुमार केसरी (50 वर्ष): शिफ्ट इंचार्ज, निवासी- रांची (मृतक)
  • विनीत महतो (25 वर्ष): इंजीनियर, निवासी- जगेश्वर बिहार, बोकारो (मृतक)
  • अभिषेक पांडेय (24 वर्ष): इंजीनियर, निवासी- गढ़वा (मृतक)
  • तरुण रजवार: मजदूर, निवासी- हजारीबाग (गंभीर रूप से घायल, ‘दि हॉप हॉस्पिटल’ रांची रोड में भर्ती)

उत्पादन के दौरान मची अफरा-तफरी

नाइट शिफ्ट में जब पावर प्लांट साइट पर सामान्य रूप से उत्पादन का काम चल रहा था, तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. अचानक हुए इस हादसे से फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. सूचना मिलने पर बरकाकाना ओपी पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंचे. रामगढ़ से बुलाई गई 4-5 दमकल गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

प्रबंधन पर उठी उंगली, ओवरहीटिंग बनी हादसे की वजह

घटना के बाद फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने सीधे तौर पर प्रबंधन की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने बताया कि प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण यह ब्लास्ट हुआ. तापमान को नियंत्रित रखने के लिए वहां एयर कंडीशनर लगाने की मांग बार-बार की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन ने इसे नजरअंदाज कर दिया.

ग्रामीणों का हंगामा और मुआवजा-नौकरी की मांग

घटना की खबर फैलते ही शनिवार सुबह से ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर जमा हो गई है. गुस्साए लोग मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट को जाम कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: सरायकेला : प्रधानमंत्री के गुजरने के बाद भी नहीं बदली NH-33 की तस्वीर, चिलगु में एथनॉल टैंकर पलटा 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *