पाकुड़: प्रशासन की पहल- दिव्यांग कमली पहाड़िन तक पहुंची मदद, व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई

Pakur: जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत जामजोरी पंचायत के चीनपाड़ा निवासी कमली पहाड़िन की स्थिति का जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेते...

Pakur: जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत जामजोरी पंचायत के चीनपाड़ा निवासी कमली पहाड़िन की स्थिति का जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा के माध्यम से स्थल जांच कराई गई. जांच संबंधित पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव की उपस्थिति में संपन्न हुई.

जांच में दिव्यांगता की पुष्टि

जांच के दौरान पाया गया कि कमली पहाड़िन, पिता रामा पहाड़िया, मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं. हालांकि उनका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र अब तक निर्गत नहीं हो सका है, क्योंकि उनके आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अद्यतन नहीं रहने के कारण दिव्यांगता जांच शिविर में आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी.

आधार अपडेट में आ रही तकनीकी परेशानी

यह भी पाया गया कि कमली पहाड़िन की मानसिक स्थिति के कारण आधार कार्ड में मोबाइल नंबर जोड़ने हेतु बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान फिंगरप्रिंट प्राप्त करने में तकनीकी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं. इसके बावजूद प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से आधार में मोबाइल नंबर जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, ताकि उनका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र शीघ्र बनाया जा सके और उन्हें सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके.

Also Read: रांची: वित्त मंत्री से मिलने गए झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल, अपनी मांगों से कराएंगे अवगत

परिवार को मिल रहा योजनाओं का लाभ

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि कमली पहाड़िन अपने माता-पिता के साथ ग्राम चीनपाड़ा में निवास करती हैं. उनकी माता को आदिम जनजाति पेंशन योजना का लाभ नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है तथा उनके पिता के नाम से जनमन आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया गया है, जिसमें पूरा परिवार वर्तमान में रह रहा है. इसके अतिरिक्त परिवार को डाकिया योजना के तहत नियमित रूप से खाद्यान्न भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

तत्काल उपलब्ध कराई गई व्हीलचेयर

बाल विकास परियोजना कार्यालय, लिट्टीपाड़ा के माध्यम से कमली पहाड़िन की सुविधा हेतु तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई है. साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सहित अन्य सभी पात्र लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *