मॉनसून से पहले रांची को मिली हाईटेक सौगात, हरमू नदी में उतरी 1.50 करोड़ की सफाई मशीन

Ranchi: शहर के नदी-नालों, तालाबों और अन्य जलाशयों की सफाई अब पहले से कहीं अधिक तेज और प्रभावी तरीके से हो सकेगी....

Ranchi: शहर के नदी-नालों, तालाबों और अन्य जलाशयों की सफाई अब पहले से कहीं अधिक तेज और प्रभावी तरीके से हो सकेगी. मॉनसून से पहले रांची नगर निगम ने जलाशयों की सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करते हुए आज अत्याधुनिक एम्फीबियस ड्रेन मास्टर मशीन को हरमू नदी में उतारा. इस मशीन का उद्घाटन महापौर रौशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से किया. करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई यह मशीन सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सीएसआर मद से उपलब्ध कराई गई है. उद्घाटन के तुरंत बाद हरमू नदी में मशीन के जरिए सफाई अभियान की शुरुआत भी कर दी गई.

जलाशयों की सफाई में आएगा बड़ा बदलाव

महापौर रौशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम मॉनसून के दौरान जलजमाव की समस्या को रोकने के लिए युद्धस्तर पर सफाई अभियान चला रहा है. शहर की नदियों, नालों और जलाशयों में वर्षों से जमे गाद, कचरे और जलकुंभी जैसी समस्याओं से निपटने में यह मशीन बेहद कारगर साबित होगी. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह मशीन जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शहर के जल स्रोतों को स्वच्छ और संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

उप महापौर नीरज कुमार ने बताया कि एम्फीबियस ड्रेन मास्टर मशीन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पानी और जमीन दोनों जगह आसानी से संचालित हो सकती है. बरसात के दौरान भी यह मशीन नदी और तालाबों में तैरते हुए सफाई कार्य कर सकती है, जिससे मौसम की वजह से सफाई कार्य प्रभावित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती सफाई आवश्यकताओं और जलाशयों के संरक्षण को देखते हुए इस मशीन को शामिल किया गया है. इससे निगम की सफाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

ALSO READ: बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े आम उत्पादकों को बाजार से जोड़ने की पहल, DRDA सभागार में बायर-सेलर मीट आयोजित

जानिए मशीन की प्रमुख विशेषताएं

  • लागत लगभग 1.50 करोड़ रुपये
  • पानी और जमीन दोनों पर काम करने में सक्षम
  • नदी, नाला और तालाब में तैरते हुए सफाई कर सकती है
  • एक बार में करीब 2 टन कचरा एवं अपशिष्ट संग्रहित करने की क्षमता
  • गहराई में जमे गाद और सिल्ट को निकालने में सक्षम
  • 360 डिग्री घूमने वाली बीम प्रणाली, जिससे कठिन स्थानों पर भी आसानी से सफाई संभव
  • जलाशयों की सफाई को तेज, सुरक्षित और अधिक प्रभावी बनाने वाली आधुनिक तकनीक

स्वच्छ जलाशय और बेहतर जल निकासी की दिशा में कदम

रांची नगर निगम का कहना है कि इस मशीन के संचालन से हरमू नदी सहित शहर के अन्य जलाशयों की सफाई में नई गति आएगी. मॉनसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, जलजमाव की समस्या में कमी आएगी और शहर के जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने में मदद मिलेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *