Ranchi: आजसू पार्टी ने खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित अखिल झारखंड महिला संघ के एक दिवसीय महिला अधिवेशन की सफलता पर सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया है. पार्टी ने इसे ऐतिहासिक, गरिमामय और सफल आयोजन बताया.
संगठन को मजबूत करने का संकल्प
आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि अधिवेशन में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस आयोजन ने महिला संगठन की एकजुटता, जागरूकता और सामाजिक प्रतिबद्धता का मजबूत संदेश पूरे झारखंड में पहुंचाया. उन्होंने अधिवेशन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी जिला अध्यक्षों, केंद्रीय पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों, अतिथियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस प्रशासन और सभी शुभचिंतकों का हार्दिक धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी के समर्पण, अनुशासन, अथक मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है.

डॉ. भगत ने बताया कि अधिवेशन के दौरान महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई. साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा इसकी पहुंच गांव-गांव और जन-जन तक बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया. उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सभी का इसी तरह का सहयोग और सक्रिय सहभागिता संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
ALSO READ: सरायकेला: अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त


