Ranchi: झारखंड की राजनीति और हक-अधिकारों की लड़ाई को दिल्ली के गलियारों में एक नई और मजबूत आवाज मिल गई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता बैजनाथ राम ने गुरुवार को संसद के राज्यसभा के सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. उनके शपथ ग्रहण के साथ ही जेएमएम खेमे और झारखंड के राजनीतिक हलकों में उत्साह का माहौल है.
CM हेमंत सोरेन ने दी बधाई और शुभकामनाएं
इस ऐतिहासिक पल पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी और झारखंड की उम्मीदों का चेहरा बताया. सीएम हेमंत सोरेन ने कहाझारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के वरिष्ठ नेता श्री बैद्यनाथ राम जी को माननीय राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार. मुझे पूरा विश्वास है कि आप उच्च सदन में झारखंड की आकांक्षाओं, सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाएंगे.

सामाजिक न्याय और संविधान के मूल्यों की बुलंद होगी आवाज
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और आदर्शों से प्रेरित होकर बैजनाथ राम देश की सबसे बड़ी पंचायत में शोषितों, वंचितों और राज्य के नागरिकों के सामाजिक न्याय, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को और धार देंगे.


