Ranchi: विधायक जयराम महतो और एक पुलिस पदाधिकारी के बीच हुए विवाद को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है. जनप्रतिनिधि हों या पुलिस अधिकारी, सभी को अपनी मर्यादा में रहकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का पुलिस अधिकारी के साथ गलत या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना सही नहीं है. अगर ऐसा हुआ है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन पुलिस को भी किसी राजनीतिक विवाद में खुलकर पक्ष नहीं बनना चाहिए. ऐसे मामलों को जांच के जरिए सुलझाया जाना चाहिए. देवशरण भगत ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा करना और लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करना है. कई बार आम लोगों को थाने में शिकायत दर्ज कराने के दौरान सख्त व्यवहार या परेशानी का सामना करना पड़ता है. पुलिस को जनता के साथ सम्मान और संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए.

यह भी पढ़ें: देवघर भादो और अद्वैया मेला: सुरक्षा व संचार व्यवस्था मजबूत करने के लिए 50 पुलिस ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति
‘आरोप-प्रत्यारोप के बजाय निष्पक्ष जांच के जरिए विवाद का समाधान हो’
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की आवाज उठाते हैं, जबकि पुलिस कानून-व्यवस्था संभालती है. दोनों के बीच विवाद बढ़ने का नुकसान आखिरकार आम लोगों को ही होता है. इसलिए आरोप-प्रत्यारोप के बजाय निष्पक्ष जांच के जरिए विवाद का समाधान होना चाहिए. आजसू प्रवक्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भाषा में शालीनता और पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता जरूरी है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की अपील की.

