धनबाद में वर्चस्व की जंग: कोयला-लोहा कारोबार में खूनी संघर्ष, मेयर संजीव सिंह ने बाघमारा को बताया ‘Hotspot’

Dhanbad : कोयलांचल धनबाद में कोयला और लोहा कारोबार पर वर्चस्व की लड़ाई अब बेहद खतरनाक और खूनी संघर्ष का रूप अख्तियार...

Dhanbad : कोयलांचल धनबाद में कोयला और लोहा कारोबार पर वर्चस्व की लड़ाई अब बेहद खतरनाक और खूनी संघर्ष का रूप अख्तियार करने लगी है. पिछले 72 घंटों (तीन दिनों) के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ तीन गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया है. इन हिंसक वारदातों के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता के बीच दहशत और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध कोयला और स्क्रैप कारोबार में अपना दबदबा कायम करने के लिए आपराधिक और असामाजिक तत्व आमने-सामने है.

बाघमारा बन चुका है हिंसा का हॉट स्पॉट” – मेयर संजीव सिंह

जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए धनबाद के मेयर एवं पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस को आड़े हाथों लिया है. संजीव सिंह ने साफ तौर पर कहा कि वर्तमान में धनबाद की शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा बाघमारा क्षेत्र बना हुआ है, जो अब हिंसक घटनाओं का हॉट स्पॉट में तब्दील हो चुका है. मेयर संजीव सिंह ने स्थानीय राजनीतिज्ञों पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक और सामाजिक तत्व पर्दे के पीछे से अपने समर्थकों को उकसा रहे हैं. वे जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा कर रहे हैं, जिसके कारण विवाद अब सीधे गोलीबारी और खून-खराबे तक पहुंच गया है. बाघमारा में लंबे समय से एक ऐसा खतरनाक माहौल तैयार किया जा रहा है, जहां लोगों को आपस में भिड़ाकर निजी स्वार्थ साधे जा रहे हैं.

शुभम यादव हत्याकांड का हवाला, प्रशासन को दी चेतावनी

संजीव सिंह ने धनबाद के चर्चित शुभम यादव हत्याकांड का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आगाह किया था. उन्होंने कहा कि यदि धनबाद जिले में अमन-चैन बहाल रखना है, तो सबसे पहले बाघमारा विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करना होगा और वहां पनप रहे सिंडिकेट को तोड़ना होगा. उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इन लगातार हो रही घटनाओं को हल्के में लिया गया या नजरअंदाज किया गया, तो भविष्य में इसके और भी अधिक गंभीर और आत्मघाती परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.

उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

मेयर ने आशंका जताई कि अगर समय रहते अपराधियों और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त और दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो उनका मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच जाएगा. इसका खामियाजा न सिर्फ बाघमारा बल्कि पूरे धनबाद जिले को भुगतना पड़ेगा.

ALSO READ: छेड़खानी का विरोध करने पर भाई की हत्या, गिरिडीह कोर्ट ने छह दोषियों को सुनाई उम्रकैद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *