Palamu:जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिल्हो खुर्द निवासी पारा शिक्षक उदय सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छत्तरपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुरेन्द्र यादव को धर-दबोचा. लगभग 40 वर्षीय आरोपी सुरेन्द्र यादव, जो कि छत्तरपुर नाग बाबा के पास का रहने वाला है, ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
क्या है मामला
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी सुरेन्द्र यादव का पैतृक निवास तारूदाग (डीन्डी) है, जो मृतक उदय सिंह के घर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है. पारा शिक्षक के रूप में बहाल होने के बाद ऑफिस आदि में मिलने के कारण दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी. इसी दोस्ती के दौरान उनके बीच पैसों का लेन-देन भी होता था. आरोपी सुरेन्द्र यादव ने करीब छह महीने पहले उदय सिंह से 25,000 रुपये उधार लिए थे. मृतक उदय सिंह ब्याज मिलाकर उससे कुल 50,000 रुपये की मांग कर रहे थे. जब सुरेन्द्र यादव ने एक सप्ताह पहले, रुपये बाद में देने की बात कही, तो दोनों के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हो गई. इसी बात से आक्रोशित होकर सुरेन्द्र यादव ने योजना बनाकर शिक्षक उदय सिंह की हत्या कर दी.
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने गिरफ्तार किया
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली है. इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक द्वारका राम, अनुसंधानकर्ता सह थाना प्रभारी सौरभ चौबे, अंचल के सहायक अवर निरीक्षक राहुल कुमार, राजीव कुमार, संजय कुमार सिंह, रविन्द्र तिवारी और छत्तरपुर थाने के सशस्त्र बल शामिल थे.



