Koderma : अप्रैल माह में मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामू पंचायत के हरलाडीह गांव की सीता देवी और जयनगर स्थित शिवम होटल के उपेंद्र कुमार की हाथी के हमले में हुई असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर थी.

वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को सौंपे 4-4 लाख रुपये के सहायता चेक
गुरुवार को जामू पंचायत भवन में वन विभाग के रेंजर रविंद्र कुमार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दोनों दिवंगतों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई. वन विभाग की ओर से दोनों परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक सौंपा गया. इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहीं. उन्होंने कहा कि वन्यजीवों से होने वाली ऐसी घटनाओं पर रोक के लिए विभाग को ठोस कदम उठाने चाहिए. साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. वन विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए गांवों में निगरानी और जागरूकता बढ़ाई जाएगी.

Also Read : पाकुड़: घरेलू विवाद में युवक ने पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी फरार


