बोकारो: जटिल ऑपरेशन में मिली सफलता, 5.5 किलो वजनी गर्भाशय फाइब्रॉइड निकाला गया

Bokaro: सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने एक जटिल शल्यक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 52 वर्षीय महिला के गर्भाशय से 5.5 किलोग्राम...

बोकारो
सदर अस्पताल बोकारो

Bokaro: सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने एक जटिल शल्यक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 52 वर्षीय महिला के गर्भाशय से 5.5 किलोग्राम वजनी विशाल यूटराइन फाइब्रॉइड निकालने में सफलता हासिल की है. ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रही हैं.

लंबे समय से थी गंभीर समस्या

चास के भारा बस्ती की रहने वाली महिला लंबे समय से गर्भाशय में बड़े फाइब्रॉइड की समस्या से परेशान थीं. लगातार हो रही परेशानी के बाद अस्पताल में उनकी जांच की गई, चिकित्सकीय मूल्यांकन के आधार पर डॉक्टरों ने एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय निकालने की सर्जरी) करने का निर्णय लिया.

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन

यह जटिल ऑपरेशन सदर अस्पताल की स्त्री और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा के नेतृत्व में किया गया. उनके साथ सर्जरी में डॉ. पंकज सिन्हा और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सौरभ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पूरी टीम के समन्वित प्रयास से ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

बिना किसी बड़ी जटिलता के निकाला गया फाइब्रॉइड

डॉ. रश्मि मेधा ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान लगभग 5.5 किलोग्राम वजनी फाइब्रॉइड को सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया. पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की गंभीर जटिलता सामने नहीं आई, फिलहाल मरीज को अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है.

ALSO READ: सुरक्षित, सुगम और तेज़ यात्रा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: पूर्व रेलवे ने मेगा ट्रैक नवीनीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया

डॉक्टरों की टीम को मिली बधाई

इस सफल ऑपरेशन पर सिविल सर्जन ने पूरी डॉक्टरों की टीम और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की जटिल सर्जरी का सफल होना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और डॉक्टरों की दक्षता का प्रमाण है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *