News Wave Desk

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने निम्नवर्गीय लिपिक यानी LDC भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया है. विज्ञापन संख्या 43/2025 के तहत आयोजित टंकण एवं कंप्यूटर जांच परीक्षा को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया है. इसके साथ ही 25 फरवरी 2026 को कराया गया दस्तावेज सत्यापन भी निरस्त कर दिया गया है. आयोग के इस फैसले से भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को एक बार फिर नई तारीख और आगे की प्रक्रिया का इंतजार करना पड़ेगा.
17 और 18 जनवरी को हुई थी परीक्षा
LDC भर्ती के तहत टंकण एवं कंप्यूटर जांच परीक्षा 17 और 18 जनवरी 2026 को अलग-अलग पालियों में आयोजित की गई थी. यह परीक्षा मुख्य लिखित परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण थी. हालांकि, आयोग ने परीक्षा रद्द करने के पीछे सामने आई तकनीकी समस्या का विस्तृत कारण अपने नोटिस में स्पष्ट नहीं किया है.
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी अब मान्य नहीं
टंकण एवं कंप्यूटर जांच परीक्षा के आधार पर जिन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था, उनके लिए भी यह फैसला अहम है. आयोग ने 25 फरवरी 2026 को कराए गए दस्तावेज सत्यापन को भी रद्द कर दिया है. इसका मतलब है कि उस दिन सत्यापित कराए गए दस्तावेज अब भर्ती प्रक्रिया में मान्य नहीं होंगे.

26 पदों पर होनी है नियुक्ति
BPSC की यह भर्ती कुल 26 निम्नवर्गीय लिपिक पदों के लिए चल रही है. भर्ती प्रक्रिया में पहले भी बदलाव किया जा चुका है. शुरुआत में प्रारंभिक परीक्षा का प्रावधान था, लेकिन बाद में आयोग ने इसमें बदलाव करते हुए सीधे मुख्य वस्तुनिष्ठ परीक्षा कराने का निर्णय लिया था. मुख्य परीक्षा के बाद टंकण एवं कंप्यूटर जांच परीक्षा आयोजित की गई और उसके आधार पर अभ्यर्थियों की औपबंधिक सूची तैयार कर दस्तावेज सत्यापन कराया गया था. अब टाइपिंग टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन दोनों निरस्त होने से पूरी प्रक्रिया को नए सिरे से आगे बढ़ाया जाएगा.
नई तारीख का करना होगा इंतजार
फिलहाल आयोग की ओर से टंकण एवं कंप्यूटर जांच परीक्षा की नई तारीख घोषित नहीं की गई है. ऐसे में अभ्यर्थियों को अब आयोग की अगली सूचना का इंतजार करना होगा. नई प्रक्रिया और तारीख से संबंधित जानकारी BPSC की ओर से बाद में जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिस पर नजर बनाए रखें और नई परीक्षा व दस्तावेज सत्यापन से संबंधित निर्देशों का पालन करें.
ALSO READ: झारखंड विधानसभा के बाद अब CMO को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

