Click Here
Click Here
Click Here

साहिबगंज में हैवानियत, पलामू में मातम और कोयला क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की तैयारी

रांची: झारखंड के अलग-अलग जिलों से बीते 24 घंटों में कई बड़ी खबरें सामने आई हैं.साहिबगंज में जहां मानवता को शर्मसार करने...

रांची: झारखंड के अलग-अलग जिलों से बीते 24 घंटों में कई बड़ी खबरें सामने आई हैं.साहिबगंज में जहां मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी, वहीं पलामू में एक सड़क हादसे ने मासूम की जान ले ली. दूसरी ओर, राज्य के आर्थिक मोर्चे पर बीसीसीएल ने कड़ा रुख अपनाया है और पूर्वी सिंहभूम में पुलिस ने एक अनैतिक देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है.

साहिबगंज: नमाज पढ़कर लौट रहे युवक के साथ दरिंदगी, कार से एक किमी तक घसीटा:

साहिबगंज के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक ऐसी घटना घटी जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए. एक तेज रफ्तार कार ने न केवल युवक को टक्कर मारी, बल्कि उसे मौत के मुहाने तक खींच ले गए. कॉलेज रोड के रहने वाले मो. साहिन अमन ग्रीन होटल के पास स्थित मस्जिद से नमाज अदा कर घर लौट रहे थे. इसी बीच एक अनियंत्रित कार ने उनके पैर पर पहिया चढ़ा दिया.जब साहिन ने विरोध किया, तो कार सवारों ने सहानुभूति दिखाने के बजाय खिड़की से उनका हाथ पकड़ लिया और गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। साहिन करीब एक किलोमीटर तक कार के साथ घिसटते रहे और जान बचाने की गुहार लगाते रहे. रेलवे पीर-दरगाह के पास युवक को फेंककर आरोपी फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने कार का पीछा भी किया लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

पलामू: सड़क हादसे ने छीनी मासूम की सांसें, पूरा परिवार अस्पताल में भर्ती:

पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के कधवन गांव के समीप मंगलवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया. लालचंद राम अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम रानी कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई. लालचंद, उनकी पत्नी मिनी देवी और महज दो साल की किट्टू कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं.सभी का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

धनबाद: कोयला उत्पादन में अड़ंगा डाला तो खैर नहीं, CMD के सख्त निर्देश:

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने अब कोयला उत्पादन और डिस्पैच में आने वाली बाधाओं से निपटने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. मंगलवार को जीएम समन्वय समिति की बैठक में सीएमडी ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं होगा. सभी एरिया जीएम को आदेश दिया गया है कि जो भी व्यक्ति या समूह बेवजह परिचालन रोकते हैं, उन पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसका उद्देश्य सालाना उत्पादन लक्ष्य को समय पर पूरा करना है.

जमशेदपुर: आइसक्रीम फैक्ट्री में गंदा धंधा पुलिस ने किया भंडाफोड़:

जमशेदपुर जिले में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है. पुलिस ने जब एक आइसक्रीम फैक्ट्री में दबिश दी, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था. पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़ी गई महिलाएं पड़ोसी राज्यों की बताई जा रही हैं.पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और मुख्य सरगना कौन है.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *