Chaibasa: कोल्हान विश्वविद्यालय के सभागार में सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में परख ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 315 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर किया. समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा धन है. सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से नशापान एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, नियमित रूप से विद्यालय जाने, समूह अध्ययन अपनाने तथा डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग कर पढ़ाई को बेहतर बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव होती हैं. इसलिए सभी छात्र-छात्राएं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए समर्पण के साथ तैयारी करें और बेहतर परिणाम का लक्ष्य निर्धारित करें. उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए जीवन में ऊंचे लक्ष्य तय करने की भी सलाह दी.
यह भी पढ़ें: बोकारो: देशभर में DVC के चार पावर प्लांटों का प्लांट लोड फैक्टर मामले में दबदबा, बोकारो थर्मल तीसरे स्थान पर

DC ने ‘प्रोजेक्ट चेंज’ के बारे में दी जानकारी
उपायुक्त ने इस अवसर पर ‘प्रोजेक्ट चेंज’ की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशामुक्ति, तंबाकू निषेध, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम, एनीमिया, टीबी उन्मूलन, वृक्षारोपण, सीपीआर, कुपोषण, सार्वजनिक पुस्तकालयों के उपयोग, सरकारी शैक्षणिक संस्थानों, रोजगार और कौशल विकास सहित कई विषयों पर विद्यार्थियों एवं समाज को जागरूक किया जा रहा है. कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अगले चरण में परख ओलंपियाड के शीर्ष 500 विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता का बेहतर मूल्यांकन और मार्गदर्शन किया जा सके. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, गोपनीय उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
