Chaibasa: बंदगांव प्रखंड की सिन्दूरीबेड़ा पंचायत के बंगुरकेल गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन करीब तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है. भवन निर्माण पूरा नहीं होने के कारण केंद्र फिलहाल किराये के कमरे में संचालित हो रहा है. इससे बच्चों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं और सेविका एवं सहायिका को भी केंद्र संचालन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण करीब तीन वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है. अधूरा भवन लंबे समय से निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहा है. इसके कारण बच्चों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है.

किराये के कमरे में संचालन से परेशानी
केंद्र के किराये के कमरे में संचालित होने के कारण बच्चों की देखभाल, पोषण और अन्य गतिविधियों के संचालन में भी परेशानी हो रही है. सेविका और सहायिका का कहना है कि अपने भवन में केंद्र संचालित होने से बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष रवि मुंडरी ने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े आंगनबाड़ी केंद्र का भवन तीन वर्षों से अधूरा रहना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से भवन निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की.
ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अधूरे भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि भवन तैयार होने से बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी. मौके पर आंगनबाड़ी सेविका शांति सन्डी पुर्ती, सहायिका देवगी सन्डी पुर्ती समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.
ALSO READ: रांची पुलिस का बड़ा फैसला: अब थानों तक चक्कर नहीं काटेंगी शिकायत की फाइलें, 21 दिन में होगा निपटारा

