Ranchi: जनता की शिकायतों का समय पर निपटारा न होना और फाइलों का महीनों तक थानों के चक्कर काटना अब बीते दिनों की बात होने जा रही है. SSP राकेश रंजन ने जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है. अब 21 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों के जल्द से जल्द समाधान के लिए रांची जिले के सभी थानों और ओपी को सीधे ‘सेंट्रलाइज्ड पब्लिक ग्रीवांस रेड्रेस एंड मॉनिटरिंग सिस्टम’ यानी पीजी पोर्टल से ऑनलाइन जोड़ा जा रहा है.

कागजी पत्राचार में देरी बनी मुख्य वजह
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा की गई हालिया समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पुलिस विभाग में शिकायतें सबसे अधिक समय तक पेंडिंग रहती हैं. अब तक की व्यवस्था के अनुसार, जिला स्तर के नोडल अधिकारी पीजी पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का प्रिंट आउट निकालते थे और फिर उन्हें डाक या भौतिक पत्राचार के जरिए संबंधित थानों को भेजते थे. थानों से जांच रिपोर्ट आने और वापस भेजने की इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय बर्बाद हो जाता था. इस वजह से 21 दिनों के भीतर शिकायतों के निष्पादन के अनिवार्य नियम का उल्लंघन हो रहा था.
थानों को मिलेंगे यूजर नेम और पासवर्ड
– इस लचर और धीमी व्यवस्था को खत्म करने के लिए SSP ने कड़े निर्देश दिए हैं. सभी थानों और ओपी को पीजी पोर्टल पर सीधे लॉगिन करने के लिए अलग यूजर नेम और पासवर्ड दिए जाएंगे.
– ऑनलाइन जुड़ने से जिला मुख्यालय से सीधे यह मॉनिटर किया जा सकेगा कि किस थाने में कितनी शिकायतें लंबित हैं और किस स्तर पर काम रुका हुआ है.
– जांच पूरी होते ही संबंधित थाना प्रभारी अपनी रिपोर्ट सीधे पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे कागजी डाक भेजने का झंझट खत्म हो जाएगा.
– पुलिस प्रशासन के इस डिजिटल कदम से न केवल शिकायतों की पेंडेंसी खत्म होगी, बल्कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थानों के चक्कर काटने से भी मुक्ति मिलेगी.

