Chaibasa: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंदगांव के तत्वावधान में कंडियांग स्थित बिरहोर बस्ती में विशेष स्वास्थ्य एवं मलेरिया जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील बड़ाइक की उपस्थिति में आयोजित हुआ.
32 बिरहोर परिवारों के बीच मच्छरदानी का वितरण
शिविर के दौरान कंडियांग बिरहोर बस्ती के 32 परिवारों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मच्छरदानी के सही उपयोग और नियमित इस्तेमाल के महत्व के बारे में जानकारी दी.

60 लोगों की हुई मलेरिया जांच, 2 मरीज मिले पॉजिटिव
विशेष स्वास्थ्य कैंप के दौरान बिरहोर समुदाय के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और मलेरिया स्क्रीनिंग की गई. कुल 60 लोगों की जांच की गई, जिसमें दो मरीज मलेरिया संक्रमित पाए गए. दोनों मरीजों को तत्काल पूर्ण उपचार किट उपलब्ध कराई गई और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया.

ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की दी जानकारी
शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील बड़ाइक और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सिनी रंजन जैक्सन प्रजापति ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के लिए व्यवहार परिवर्तन अपनाने की अपील की. उन्होंने लोगों से प्रतिदिन मच्छरदानी का उपयोग करने, घर और आसपास साफ-सफाई रखने तथा बरसात के मौसम में होने वाली संक्रामक और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की.
मलेरिया नियंत्रण के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी: डॉ. सुनील बड़ाइक
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील बड़ाइक ने कहा, “बिरहोर जैसी विशेष जनजातीय बस्तियों में मलेरिया की रोकथाम हमारी प्राथमिकता है. प्रत्येक परिवार को नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए. समय पर जांच और उपचार से मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है. सामुदायिक सहभागिता और स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से ही हम इस बीमारी को जड़ से समाप्त कर सकते हैं.”
स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मौजूद
इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में डॉ. तुलिका रोबा तिर्की, एएनएम विमला कुमारी, सीएचओ नीलू कुमारी, एमपीडब्ल्यू मनोज सामड़, पांडु गगराई, बिरहोर बस्ती के मुंडा सोमा चंद बिरहोर, बसंती बिरहोर, यूनिसेफ के प्रदीप आचार्य, मानसी मित्र और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर (सिनी) रंजन जैक्सन प्रजापति सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई.

