Ranchi: JPSC और JSSC-CGL परीक्षा को लेकर छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान आज अचानक माहौल गरमा गया. प्रदर्शन में शामिल नेहा बोरा और छात्राओं पर स्याही फेंके जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला. घटना के बाद AISA की राष्ट्रीय नेत्री नेहा बोरा ने कड़ा विरोध जताया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन को कमजोर करने के लिए जानबूझकर ऐसी हरकत की गई. नेहा बोरा ने भाजपा और RSS पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के समर्थन का दावा करने वाले लोग ही आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ खड़े नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्याही फेंकने से छात्रों का गुस्सा खत्म नहीं होगा. JPSC और JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े सवालों को लेकर छात्र सड़कों पर हैं और उनकी आवाज को इस तरह की घटनाओं से दबाया नहीं जा सकता. नेहा बोरा आज पहले जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की. इसके बाद वह विधानसभा घेराव में शामिल हुईं. इसी दौरान कुछ छात्राओं पर स्याही फेंके जाने से प्रदर्शनकारियों के बीच हंगामा शुरू हो गया.
यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- ‘छात्रों की बात छात्रों के साथ होगी’


