Chaibasa: हालिया क्राइम मीटिंग में एसपी अमित रेनू ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाक़ों में अवैध शराब बिक्री, जुआ, हब्बा-डब्बा और अन्य गैर-कानूनी धंधों पर पूर्ण रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए थे. चेतावनी थी कि लापरवाही पर थाना प्रभारी पर सीधी कार्रवाई होगी. बावजूद इसके बड़ाजामदा, नोवामुंडी, गुवा, जगन्नाथपुर आदि थाना क्षेत्रों में स्थिति जस की तस है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बड़ाजामदा के गांवगुटू और बोकना में हर सप्ताह मुर्गा-पाड़ा और हब्बा-डब्बा नामक जुआ का बड़ा आयोजन होता है. खुले मैदानों या जंगली घेरों में सैकड़ों लोग जुटते हैं और मुर्गों की लड़ाई पर दांव लगाते हैं. वहीं हब्बा-डब्बा (डाइस/गोलक) में तेज़ी से पैसे का लेन-देन चलता रहता है. आयोजक कमीशन और एंट्री से लाखों कमाते हैं, जबकि दिहाड़ी मजदूरों-ग्रामीणों की खून-पसीने की कमाई एक शाम में लुट जाती है.
ये भी पढ़ें : कुसुम्भा कांड पर महिला आयोग सख्त: टीम ने गांव पहुंचकर की गहन पड़ताल, बेसहारा बच्चों के लिए दिए निर्देश

माफिया नेटवर्क मजबूत, ग्रामीणों ने पुलिस से लगाई गुहार
लोगों का आरोप है कि जुआ संचालकों का स्थानीय स्तर पर मज़बूत नेटवर्क है. वे स्थान बदल-बदल कर और समय खिसका कर पुलिस रेड से बचते हैं. कुछ स्थानों पर बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है. ग्रामीणों ने DIG कोल्हान और SP से लिखित शिकायत कर नियमित छापेमारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि जुआ-कारोबार की जड़ें काटी जा सकें और आम परिवारों की बचत बर्बाद होने से बचे.
ये भी पढ़ें : असम के चाय बागान श्रमिकों के साथ हुआ ऐतिहासिक अन्याय अब और बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
