रांची: चिकित्सा जगत के लिए गर्व का विषय है कि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय छाबड़ा को वर्ष 2026-27 के लिए आरएसएसडीआई (रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया), झारखंड चैप्टर का चेयरमैन नियुक्त किया गया है. उनकी यह नियुक्ति मधुमेह के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान मानी जा रही है.
आरएसएसडीआई देशभर में मधुमेह पर कार्य करने वाले चिकित्सकों की सबसे बड़ी संस्था है, जिसके लगभग 13 हजार सदस्य हैं. यह संस्था मधुमेह नियंत्रण, शोध, उपचार और जन-जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
डॉ. छाबड़ा लंबे समय से मधुमेह उपचार, रोगी सेवा और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े रहे हैं. उन्होंने आधुनिक चिकित पद्धतियों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य चेतना को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया है. मरीजों के हित को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने समयानुकूल परामर्श और बेहतर उपचार प्रणाली को बढ़ावा दिया है.
उनके नेतृत्व में आरएसएसडीआई, झारखंड चैप्टर के कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों, सहकर्मियों और सामाजिक संगठनों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है.
डॉ. अजय छाबड़ा की यह उपलब्धि युवा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उम्मीद जताई जा रही है कि उनके मार्गदर्शन में झारखंड में मधुमेह जागरूकता, रोकथाम और उपचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति होगी.



