Chaibasa/Bandgaon: बाहुड़ा रथयात्रा के पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ नौ दिवसीय प्रवास के बाद शनिवार को हरि मंदिर साहू टोला से भव्य रथयात्रा के साथ श्रीमंदिर लौटे. पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा. हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ महाप्रभु के रथ को खींचकर श्रीमंदिर तक पहुंचाया.
लड्डू अर्पित कर भक्तों ने जताई आस्था
श्रीमंदिर पहुंचने से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ को लड्डू अर्पित किए और श्रद्धालुओं के बीच लड्डू का वितरण किया. कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन कर खीर, खिचड़ी और अन्य प्रसाद का वितरण किया गया. रथ के आगे-आगे भजन-कीर्तन मंडलियों ने संकीर्तन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया.
जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना
अंतिम रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए. इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई और मुखिया गीता बानरा ने महाप्रभु की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच लड्डू वितरित किए गए.
मेले में उमड़ी भीड़, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
घूरती (बाहुड़ा) रथयात्रा के अवसर पर मंदिर परिसर में आकर्षक मेले का आयोजन किया गया. मेले में झूले, मिठाइयों, खिलौनों और विभिन्न व्यंजनों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रथयात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाप्रभु विराजमान
श्रीमंदिर पहुंचने के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को विधिवत सिंहासन पर विराजमान कराया गया. पंडित जगदीश चंद्र ठाकुर, भरत भूषण मिश्रा और ललित नारायण ठाकुर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.
हजारों श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर संरक्षक प्रशांत साहू, लोकनाथ सारंगी, डॉ. तुलसी महतो, राजेंद्र मेलगांडी, बाबूराम बानरा, रंजीत मंडल, गिरधारी मंडल, ललित नारायण ठाकुर, कुना मिश्रा, महेश साहू, बिट्टू मिश्रा, अरूप चटर्जी, अनंत मंडल, गौतम रक्षित, राजीव सारंगी, शंभू महापात्र, कान्हा त्रिपाठी, रवि ठाकुर, परितोष साहू सहित कराईकेला जगन्नाथ पूजा कमेटी 64 मौजा के सदस्य और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे.
ALSO READ: पलामू: संपत्ति विवाद में बुजुर्ग दंपती ने हत्या की साजिश का लगाया आरोप, थाने में प्राथमिकी दर्ज
