Chaibasa : चाईबासा नगर परिषद की बोर्ड बैठक परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं, सफाई व्यवस्था और लंबित विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुखराम उरांव और अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी शामिल हुए. बैठक में उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा और सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे. शुरुआत में अतिथियों का शॉल और गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया.
नगर परिषद की ओर से करीब 18 माह का भुगतान बकाया
बैठक में वार्ड पार्षदों ने शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव नियमित नहीं होने और डंपिंग यार्ड निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई. सफाई कार्य कर रही एचिवर कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि नगर परिषद की ओर से करीब 18 माह का भुगतान बकाया है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है. कंपनी ने एक माह का समय मांगते हुए 1 से 30 अगस्त तक सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त करने का भरोसा दिया. इस पर विधायक सुखराम उरांव और SDO श्रुति राजलक्ष्मी ने लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया. हालांकि बोर्ड ने कंपनी के अनुरोध पर उसे सुधार के लिए अंतिम एक माह का अवसर देने का निर्णय लिया. चेतावनी दी गई कि तय समय में व्यवस्था नहीं सुधरी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.
1 अगस्त से नगर परिषद का टोल-फ्री नंबर जारी
बैठक में बताया गया कि बालू उपलब्ध नहीं होने से नगर परिषद की लगभग 110 विकास योजनाएं रुकी हुई हैं. डंपिंग यार्ड निर्माण के लिए बालू मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा. शहर के अधिकांश पुराने डस्टबीन खराब हो चुके हैं और 40 नए डस्टबीन की मांग विभाग को भेजी गई है. कचरा उठाने वाली मशीन की मरम्मत भी जल्द कराई जाएगी. वहीं शहर में लगभग 2000 स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता बताई गई. अगले 15 से 20 दिनों में 800 से 1000 नई स्ट्रीट लाइट मिलने के बाद सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से उन्हें लगाया जाएगा. नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने बताया कि 1 अगस्त से नगर परिषद का टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा. इस नंबर पर नागरिक सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.
Also Read : सरायकेला : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा ने समरसता अभियान की शुरूआत की
