Chaibasa : राज्य में मलेरिया रोधी माह 2026 के तहत मलेरिया के विरुद्ध विशेष महाभियान चलाया जा रहा है. अभियान 30 जून तक चलेगा. इस दौरान पश्चिमी सिंहभूम डीसी मनीष कुमार ने कहा कि जिला के कई प्रखंडों में मलेरिया का प्रभाव देखा जा रहा है. ऐसे में इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने आम जन से अपील करते हुए कहा कि रात में सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें और संभव हो तो शरीर को पूर्ण रूप से ढंकने वाले वस्त्र पहनकर सोने का प्रयास करें. जिससे मच्छरों के काटने की संभावना कम हो सकें. बरसात के मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए पानी को गर्म कर स्वच्छ तरीके से उपयोग करना चाहिए.

लक्षण होने पर डॉक्टर से करें संपर्क
डीसी ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, कमजोरी या किसी प्रकार की अस्वस्थता महसूस हो तो उसे नजरअंदाज न करें. तत्काल नजदीकी स्वास्थय केंद्र में जाकर चिकित्सकीय जांच एवं परामर्श प्राप्त करें. साथ ही उन्होंने जमीन पर सोने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों के साथ साथ सर्पदंश जैसी घटनाओं का भी खतरा बना रहता है.
अन्य लोगों को भी करें जागरूक
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों के साथ इन महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करेगा, तो निश्चित रूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले को मलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम साबित होगा. उन्होंने सभी जिलेवासियों से मलेरिया उन्मूलन महाभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने और स्वास्थय संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.
ALSO READ : झारखंड राज्यसभा का महादंगल, प्रस्तावक गुमनाम, समर्थक बेनाम, क्या बिकने को तैयार है ईमान..
