चाईबासा में डीसी के निर्देश से मिसन उदय कार्यक्रम आयोजित

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में “प्रोजेक्ट जागृति– बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के अंतर्गत “स्वस्थ किशोरी, सशक्त समाज, उज्ज्वल झारखंड”...

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में “प्रोजेक्ट जागृति– बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के अंतर्गत “स्वस्थ किशोरी, सशक्त समाज, उज्ज्वल झारखंड” की परिकल्पना को साकार करने हेतु उपायुक्त श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में दिनांक 01 जून से 15 जून 2026 तक मिशन उदय (UDAY- Ulgulan Against Disability and Anaemia in Young Adolescent Girls) का संचालन किया जा रहा है. यह अभियान समेकित स्वास्थ्य जांच प्रणाली पर आधारित है, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय स्तर तक पहुंचाने, रोगों की प्रारंभिक पहचान, उपचार तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है. इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र पर मौजूद सीएचओ/जीएनएम के द्वारा जांच के दौरान ज्ञात में आने वाले विभिन्न रोग से ग्रसित लोगों के उपचार हेतु निःशुल्क दवा भी उपलब्ध करवाया जा रहा है. मिशन अंतर्गत दिनांक 01 जून 2026 से 06 जून 2026 तक संचालित गतिविधियों के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों में अभियान के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है. इस अवधि में 1232 आंगनबाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र में गतिविधियों का संचालन किया गया. जिसके तहत स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में 20,161 ABHA(आभा) आईडी का निर्माण तथा 2,318 आयुष्मान कार्ड के ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण किया गया. स्वास्थ्य जांच के दौरान 455 व्यक्तियों में हीमोग्लोबिन संबंधी कमी, 2,270 उच्च रक्तचाप तथा 1,463 मधुमेह संभावित मामलों की पहचान की गई.

स्वास्थ्य सर्वेक्षण में चौंकाने वाले आंकड़े, सैकड़ों लोगों में बीमारी के लक्षण मिले

अभियान के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 75 महिलाओं की स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जांच की गई है. मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों के तहत 11,783 व्यक्तियों की जांच की गई, जिसमें 480 मलेरिया संक्रमित मामले पाए गए. सर्वेक्षण एवं रोग पहचान गतिविधियों के दौरान 515 व्यक्तियों में सात दिनों से अधिक अवधि की खांसी, 523 व्यक्तियों में 14 दिनों से अधिक अवधि की खांसी, 345 हाइड्रोसील के संभावित मामले तथा 165 व्यक्तियों में त्वचा संबंधी समस्याओं की पहचान की गई. इस दौरान 998 दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें से 617 लाभुकों के पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध पाया गया, वहीं 132 कुपोषित बच्चों को भी चिन्हित किया गया. सिकल सेल कार्यक्रम के अंतर्गत 6,835 व्यक्तियों की जांच की गई, जिसमें 101 संभावित सिकल सेल प्रभावित व्यक्तियों की पहचान की गई. इसके अतिरिक्त 16 गर्भवती महिलाओं में HIV/Syphilis संबंधी मामलों की पहचान भी की गई है.

मिशन उदय बना जनस्वास्थ्य का अभियान, गांव-गांव पहुंच रहीं स्वास्थ्य सेवाएं

मिशन उदय के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी गतिविधियों, रोग निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम, गैर-संचारी रोगों की जांच, सिकल सेल कार्यक्रम, दिव्यांगता एवं सामाजिक सुरक्षा गतिविधियों के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भी व्यापक संचालन किया जा रहा है. अभियान के तहत ग्राम स्तरीय बैठकों, IEC/BCC गतिविधियों, स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों तथा VHSNC एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है. उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि मिशन उदय का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाते हुए रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं.

Also Read : पलामू : विवाद के बाद 20 वर्षीय विवाहिता ने खाया जहर, इलाज के दौरान हुई मौत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *