Chaibasa: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक षाड़ंगी ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के 27 मई 2026 को हुए चक्रधरपुर दौरे की जांच कराने की मांग की है. अपने पत्र में अशोक षाड़ंगी ने कहा है कि महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन का चक्रधरपुर रेल मंडल में आगमन हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि महाप्रबंधक ने जमशेदपुर में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की, लेकिन चक्रधरपुर में न तो किसी समीक्षा बैठक का आयोजन किया और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की. पत्र में कहा गया है कि महाप्रबंधक शाम करीब 6:48 बजे चक्रधरपुर पहुंचे और रात लगभग 11 बजे कोलकाता के लिए रवाना हो गए. इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे, लेकिन स्टेशन, रेल परियोजनाओं अथवा अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण नहीं किया गया.

यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल पावर प्लांट में क्लीनिंग मजदूरों का फूटा गुस्सा, अलाउंस न मिलने पर किया काम ठप
रेलवे जीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से नहीं की चर्चा
अशोक षाड़ंगी ने यह भी आरोप लगाया कि चक्रधरपुर स्टेशन और अमृत भारत योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों में अनियमितताओं और धन के दुरुपयोग की शिकायतें हैं, जिनकी जांच महाप्रबंधक के स्तर पर की जा सकती थी. उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा का अवसर भी नहीं मिल पाया. पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने रेल मंत्री से मांग की है कि 27 मई को हुए महाप्रबंधक के चक्रधरपुर दौरे के औचित्य की जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि यदि दौरे के दौरान कोई प्रशासनिक या निरीक्षण संबंधी कार्य नहीं किया गया, तो ऐसे दौरों पर होने वाले सरकारी खर्च की समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में जनता के पैसे की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके.
यह भी पढ़ें: झारखंड में उद्योग और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार, कारीगरों के हुनर को अब मिलेगा बाजार : हेमंत सोरेन
