Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत केयडचलोम पंचायत के आहबुरु गांव में सांप के काटने से एक बच्ची की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार, बच्ची लेम्बो लोहार रात में घर में सो रही थी. बताया गया कि देर रात करीब 2 बजे उसे सांप ने काट लिया, लेकिन बच्ची और परिजनों को इसका पता नहीं चल सका. सुबह जब बच्ची बेहोशी की हालत में मिली तो परिजन उसे तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे. स्थानीय डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए बच्ची को सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
मुआवजा दिलाने के लिए पोस्टमार्टम कराने को राजी हुआ परिवार
अस्पताल में डॉक्टरों ने परिजनों को पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिवार ने शुरुआत में इससे इनकार कर दिया. इसके बाद सहिया रायमुनि लोहार ने खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को समझाया कि पोस्टमार्टम होने पर आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाली चार लाख रुपये की मुआवजा राशि की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी. काफी समझाने के बाद परिवार पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गया और बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया.
