Ranchi: 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता और डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपते हुए परीक्षा की CBI जांच कराने और मुख्य परीक्षा (मेन्स) को फिलहाल स्थगित करने की मांग की. टाइगर जयराम महतो ने कहा कि 14वीं JPSC परीक्षा के परिणाम को आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर के बिना जारी किया गया, जिससे पूरी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को दी गई, जो गंभीर मामला है.
यह भी पढ़ें: JPSC विवाद पर भाजपा का कांग्रेस-जेएमएम पर हमला, कहा- सवालों से भाग रही है सरकार
सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि झारखंड बनने के बाद से ही JPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं. उनका दावा है कि पहली JPSC परीक्षा से शुरू हुआ विवाद आज 14वीं परीक्षा तक जारी है, जिससे युवाओं का आयोग पर भरोसा कमजोर हुआ है. जयराम महतो ने कहा कि यदि राज्य सरकार दो दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करती है, तो इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और छात्र हित में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. हालांकि, उन्होंने कहा कि जब तक निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
