Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न गांवों में रात के अंधेरे में घूम-घूमकर सो रहे लोगों के घरों से मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को मुफस्सिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल सेट और वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल (JH06V-1104) बरामद की है.
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी ने बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बुलेट मोटरसाइकिल से तीन अपराधी कुछ दिनों से क्षेत्र में घूम रहे हैं. ये अपराधी रात में गांवों में घुसकर सो रहे लोगों के घरों से मोबाइल चोरी करते थे और चोरी किए गए मोबाइल कम दामों पर बेच देते थे.
छापेमारी में तीनों गिरफ्तार
सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गितिलिपी मोड़ के पास बुलेट मोटरसाइकिल (नंबर JH06V-1104) पर सवार तीनों आरोपियों को धर-दबोचा. तलाशी के दौरान उनके पास से 7 चोरी के मोबाइल बरामद हुए.
Also Read: झारखंड: आठ जिले के एसपी के साथ डीजीपी करेंगी समीक्षा बैठक
पूछताछ में खुलासे
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में कई गांवों में मोबाइल चोरी की बात कबूल की है. बरामद मोबाइल के असली मालिकों का पता लगाया जा रहा है. गिरोह में और लोग शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच चल रही है.
रात 1 से 3 बजे के बीच वारदात
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पिछले कई दिनों से मुफस्सिल और आसपास के थाना क्षेत्रों के गांवों को निशाना बना रहे थे. ये रात 1 से 3 बजे के बीच उन घरों में घुसते थे, जिनके दरवाजे खुले होते थे या जहां लोग बाहर सो रहे होते थे.
आगे की कार्रवाई
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि अब तक कितने मोबाइल चोरी किए गए और कहां-कहां बेचे गए. बरामद मोबाइल को सत्यापन के बाद मालिकों को सौंपा जाएगा. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
