Chakradharpur: शहर में सामाजिक समन्वय, शांति व्यवस्था और पुलिस–जन सहयोग को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर की निर्वाचित कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) से शिष्टाचार मुलाकात करने पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपाध्यक्ष हाजी एकराम हुसैन ने किया. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने SDPO को एक मांग पत्र सौंपते हुए क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और पर्व–त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की. बैठक में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया.
प्रतिनिधिमंडल में सचिव बैरम खान, उप सचिव सद्दाम हुसैन, कोषाध्यक्ष तौकीर आलम, हाजी मोईन, मोहम्मद नाईम, तरीक सुल्तान और मोहम्मद हलीम सहित अन्य सदस्य शामिल थे.
समिति की बैठकें सामाजिक एकता को करती हैं मजबूत
अंजुमन इस्लामिया की ओर से कहा गया कि चक्रधरपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव का प्रतीक रहा है. थाना और अनुमंडल प्रशासन द्वारा पर्व–त्योहारों के अवसर पर आयोजित शांति समिति की बैठकें सामाजिक एकता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती रही हैं. संस्था ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी बनाने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई, युवाओं के बीच जागरूकता अभियान, महिला सुरक्षा के उपाय, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती और पुलिस–जन संवाद को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी उठाए.
SDPO ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था एवं सामाजिक समन्वय बनाए रखने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. अंत में अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर ने प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर सकारात्मक कार्यों में सहयोग जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
