Chakradharpur: ग्राम पंचायत लांडूपदा के अंतर्गत लांडूपदा गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष मलेरिया जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मलेरिया जांच की गई और उन्हें बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई.
बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया
शिविर में क्षेत्र की एएनएम (ANM), एमपीडब्ल्यू (MPW) तथा सहिया (आशा कार्यकर्ता) ने सक्रिय रूप से भाग लिया. स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, समय पर जांच की आवश्यकता और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने लोगों से बुखार, ठंड लगना, तेज सिरदर्द या शरीर में दर्द होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की.

मुखिया कुश पूर्ति भी मौजूद रहे
इस अवसर पर ग्राम पंचायत लांडूपदा के मुखिया कुश पूर्ति भी मौजूद रहे. उन्होंने स्वयं अपना मलेरिया टेस्ट कराकर ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया. मुखिया ने कहा कि मलेरिया से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि समय पर जांच और उपचार ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है. उन्होंने बताया कि पंचायत के सभी गांवों में इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा.
साफ-सफाई बनाए रखने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर वे अपनी नजदीकी सहिया या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें. साथ ही लोगों से आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने की भी सलाह दी गई.
ALSO READ: पश्चिम सिंहभूम: बंदगांव में जिप सदस्य और BDO ने किया दीदी कैफे का उद्घाटन


